पलामू (PALAMU): झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का मंगलवार को प्रस्तावित अंतिम संस्कार फिलहाल टाल दिया गया है. परिजनों ने बताया कि उसके पैतृक गांव मरहा पथरा में मंगलवार को दाह संस्कार नहीं किया जाएगा. अब अंतिम संस्कार बुधवार देर शाम या गुरुवार को किए जाने की संभावना है. परिवार का कहना है कि सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा और पुत्र अक्षत कुमार के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा. रिया सिन्हा फिलहाल जेल में बंद हैं और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी पैरोल की मांग की गई है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को चेहल्लुम पर्व के कारण न्यायालय बंद रहने से रिया सिन्हा की पैरोल याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी. इसी वजह से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी स्थगित कर दी गई. इस बीच, सुजीत सिन्हा का शव उसके छोटे भाई अरुण के साथ गांव पहुंच चुका है. परिजनों ने अंतिम दर्शन के लिए शव को सुरक्षित रखा है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं. अब परिवार की निगाहें पैरोल आवेदन पर होने वाले फैसले पर टिकी हैं.
उधर, संभावित अंतिम संस्कार को देखते हुए पलामू पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मरहा पथरा गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके. गौरतलब है कि हाल ही में जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान सुजीत सिन्हा की मौत हुई थी. इसके बाद से उसका अंतिम संस्कार चर्चा का विषय बना हुआ है. अब अंतिम संस्कार की तिथि और समय रिया सिन्हा की पैरोल पर अदालत के निर्णय के बाद ही तय किया जाएगा.
