Jharkhand

हैदरनगर में रंगदारी और फायरिंग की साजिश नाकाम, राहुल सिंह गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

पलामू (PALAMU): हैदरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर आईपीएस अधिकारी सह एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में की गई.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रांत सिंह, संतोष राम, मधुकांत प्रजापति और विक्रम राम के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर कारतूस, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी राहुल सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से उसके लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे. पुलिस को सूचना मिली थी कि ये लोग हैदरनगर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रही डुअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे. साथ ही निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने और फायरिंग की घटना को अंजाम देने की तैयारी भी कर रहे थे.

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और सभी आरोपियों को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां भी पुलिस के हाथ लगी हैं, जिनके आधार पर गिरोह की गतिविधियों की आगे जांच की जा रही है. एसपी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.  पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी तलाश कर रही है.

छापामारी अभियान में हुसैनाबाद डीएसपी दिव्यांश शुक्ला, हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनान, एसआई राजू कुमार गुप्ता, मुकेश कमार सिंह, आशीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

रिपोर्ट- अमित कुमार