Jharkhand

घरेलू कलह बनी मौत की वजह! पलामू में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

मृतका की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह गांव निवासी छोटू भुइयां की 30 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था. इसके बाद मुन्नी देवी ने फांसी लगा ली. जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और इलाज के लिए सतबरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की टीम शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची. पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव का इंक्वेस्ट तैयार किया. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.