☰
Jharkhand

बहन की शादी में घर लौटने की चाहत पड़ी भारी, दुबई की जेल में बंद है पलामू का युवक

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पलामू(PALAMU): हर भाई चाहता है कि वह अपनी बहन की शादी में उसके साथ रहे और खुशी-खुशी उसकी विदाई करे. लेकिन पलामू के एक परिवार के लिए यही खुशी अब चिंता की वजह बन गई है. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव के रहने वाले शशि कुमार पासवान पिछले तीन महीने से दुबई की जेल में बंद हैं. परिवार का आरोप है कि घर लौटने की कोशिश में वह एक दलाल के जाल में फंस गए. अब परिवार को उनके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार है.

नौकरी करने दुबई गया था शशि

शशि कुमार पासवान साल 2025 में बेहतर कमाई और परिवार का भविष्य संवारने के लिए कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट पर दुबई गए थे. वहां सब कुछ ठीक चल रहा था. इसी बीच घर से खबर मिली कि उनकी छोटी बहन की शादी 26 जून को तय हुई है. शशि हर हाल में बहन की शादी में शामिल होना चाहते थे. इसी वजह से वह छुट्टी लेकर घर लौटने का रास्ता तलाश रहे थे.

दलाल ने घर भेजने का दिया था भरोसा

शशि के पिता ललन पासवान ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि घर भेजने के नाम पर एक दलाल ने उनके बेटे से पैसे लिए थे. परिवार का कहना है कि दलाल ने मदद करने का भरोसा दिया, लेकिन इसी दौरान शशि एक मामले में फंस गए.

शशि की पत्नी सुमित्रा के मुताबिक, उनके पति ने जेल से फोन कर बताया कि उन्हें टेलीग्राम से जुड़े एक संदिग्ध मामले में फंसाया गया है. परिवार का दावा है कि प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि को भी गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद से वह दुबई की जेल में बंद हैं.

बेटे की वापसी के लिए परिवार ने लगाई गुहार

बेटे के जेल में बंद होने की खबर से परिवार परेशान है. पिता ललन पासवान ने पुलिस से मामले में पहल करने और उच्च स्तर पर मदद दिलाने की गुहार लगाई है. परिवार चाहता है कि शशि की रिहाई का रास्ता निकले और वह सुरक्षित अपने घर लौट सकें.

फिलहाल, शशि की गिरफ्तारी के सही कारणों और मामले की कानूनी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. परिवार अब भारत सरकार और स्थानीय प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है.