पलामू (PALAMU): JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच में पुलिस लगातार छापेमार कर रही है. इसको लेकर CID की टीम ने बुधवार को पलामू में दो शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. दोनों शिक्षकों के खिलाफ वारंट लेकर पहुंची CID टीम को उनके घरों पर आरोपी नहीं मिले. कार्रवाई के दौरान पलामू पुलिस की टीम भी CID के साथ मौजूद रही. जांच एजेंसी इससे पहले भी दोनों शिक्षकों के ठिकानों पर दबिश दे चुकी है. बता दें, 3 अगस्त को मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी के दौरान टीम ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे. इसके बाद से ही दोनों शिक्षकों की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
जिन दो शिक्षकों की तलाश की जा रही है, उनमें नौडीहा बाजार निवासी सरकारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह और मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार शामिल हैं. बुधवार को CID की टीम दोनों की गिरफ्तारी के लिए दोबारा उनके ठिकानों पर पहुंची. मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के आवास पर भी टीम ने दबिश दी, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिले. इसी तरह दूसरे शिक्षक की भी तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका. जांच टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पलामू पुलिस CID को सहयोग कर रही है.
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने CID की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शिक्षकों की तलाश जारी है और पुलिस एवं CID की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. JPSC-JSSC परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ी की जांच के दौरान दोनों शिक्षकों की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले बरामद किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित परीक्षा अनियमितता में दोनों की क्या भूमिका थी और उनके खिलाफ मिले साक्ष्य किस तरह के हैं. फिलहाल दोनों शिक्षक फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए CID की कार्रवाई जारी है.
