Jharkhand

पलामू में बाबूलाल मरांडी का बड़ा ऐलान, JPSC-JSSC छात्रों के समर्थन में BJP

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

PALAMU:पलामू में भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने JPSC और JSSC को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है. छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक आवाज उठाती रहेगी.

बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को पलामू में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे. इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और भाजपा उनके मुद्दों को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की आवाज को उचित मंच पर उठाने का काम पार्टी लगातार करेगी.

छात्र आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रघुवर दास राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वह छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को समझते हैं. उन्होंने इस मामले में भाजपा के छात्रों के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि पार्टी उनके मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है.

तिरंगा यात्रा के उद्देश्य को लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले वीर शहीदों को याद करने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए यह यात्रा आयोजित की गई. उन्होंने कहा कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया.

तिरंगा यात्रा की शुरुआत मेदिनीनगर के गांधी मैदान पार्क से हुई. यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए साहित्य समाज चौक पहुंची. इससे पहले गांधी मैदान पार्क में बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा में शामिल होकर साहित्य समाज चौक पहुंचे, जहां भारत माता की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए गए.

कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.