☰
Jharkhand

पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प, जमकर हुआ पथराव, पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़े

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट और जमकर पथराव शुरू हो गया. इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ दिए. घटना में दो पुलिस वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दो से तीन पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से घायल होने की सूचना है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया गांव में इस वर्ष दो अलग-अलग स्थानों पर काली पूजा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं. इनमें एक पक्ष ने पहली बार अपने स्तर पर प्रतिमा स्थापित की थी, जबकि दूसरा पक्ष वर्षों से पारंपरिक रूप से पूजा और विसर्जन करता आ रहा है. बताया जाता है कि पहली बार प्रतिमा स्थापित करने वाले पक्ष ने अपना विसर्जन पहले ही कर लिया था. इसके बाद रात करीब नौ बजे उस पक्ष के कुछ युवक पारंपरिक रूप से विसर्जन करने वाले दूसरे पक्ष के जुलूस में डीजे की धुन पर नाचने पहुंच गए. इसी दौरान दोनों पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया और युवक अपने घर लौट गए.

इसके बाद स्थानीय मुखिया के नेतृत्व में और पुलिस की मौजूदगी में दूसरे पक्ष का विसर्जन जुलूस निकला. जुलूस उसी रास्ते से गुजर रहा था, जहां पहली बार प्रतिमा स्थापित की गई थी. इसी दौरान पहले हुई कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया. स्थिति बिगड़ने पर उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों पर भी हमला कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पाया. सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि मामले में 40 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. थाना प्रभारी ने भी स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.