Jharkhand

पलामू: अचानक सड़क से निकलने लगा पानी का फव्वारा, लोगों में मची अफरा-तफरी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पलामू (PALAMU): पलामू जिले के हुसैनाबाद में छतरपुर जलापूर्ति योजना की पाइपलाइन में खराबी आने के कारण बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने लगा. जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित नहर मोड़ पुल के पास पाइपलाइन फटने से तेज दबाव के साथ पानी का फव्वारा निकलने लगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पाइपलाइन से निकल रहा पानी सीधे सड़क पर गिर रहा था, जिसके कारण सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई थी. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को इस रास्ते से गुजरने में परेशानी हो रही थी. तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी.

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी और प्रगतिशील युवा क्लब के सदस्य प्रदीप पटेल मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल व्यवस्था करते हुए रिसाव वाले स्थान पर एल-बैंड पाइप लगाया, जिससे पानी का बहाव सड़क की जगह नहर की ओर मोड़ दिया गया. इस अस्थायी व्यवस्था के बाद सड़क पर जमा हो रहा पानी कम हुआ और राहगीरों को राहत मिली.

हालांकि, पाइपलाइन की समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है. पाइप से पानी का रिसाव अभी भी जारी है और बड़ी मात्रा में जल की बर्बादी हो रही है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है.

नागरिकों का कहना है कि छतरपुर जलापूर्ति योजना का उद्देश्य हुसैनाबाद और छतरपुर क्षेत्र के लोगों तक पेयजल पहुंचाना है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण यही पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है. लोगों ने विभाग से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान निकालने की अपील की है.