☰
Jharkhand

सर्दी-खांसी की शिकायत लेकर पलामू मेडिकल कॉलेज पहुंची थी 6 वर्षीय बच्ची, इलाज के दौरान मौत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत के बाद बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. मृत बच्ची की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के सरड़डीह गांव निवासी गुहू प्रसाद की छह वर्षीय पुत्री रागनी कुमारी के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार, रागनी पिछले कुछ दिनों से सर्दी और खांसी से पीड़ित थी. तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार रात उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. उनका आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद बच्ची का उपचार तो शुरू किया गया, लेकिन इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे. परिजनों का कहना है कि इलाज की पूरी जिम्मेदारी केवल नर्सों पर छोड़ दी गई, जिससे समय पर उचित चिकित्सकीय देखभाल नहीं मिल सकी.

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान ही बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. घटना के कारण अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों के साथ-साथ चिकित्सकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. इस दर्दनाक घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं अस्पताल में इलाज व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, चिकित्सकों की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.