Jharkhand

पलामू में दिनदहाड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग पर फायरिंग, पेट में गोली लगने से हालत गंभीर

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

PALAMU: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित हुटुकदाग गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे गोलीबारी की एक घटना से इलाके में दहशत फैल गई. अज्ञात हमलावरों ने 65 वर्षीय विश्वम्भर लोहरा पर फायरिंग कर दी, जिसमें गोली उनके पेट में जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना देर किए उन्हें तुरंत मेदनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है.

घायल के परिजनों ने इस मामले में मथुरा लोहरा नामक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था और उसी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा.

घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.