Jharkhand

पलामू में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, वृक्षारोपण के साथ गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत पलामू के मोहम्मदगंज प्रखंड में भाजपा नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया. इस दौरान पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया और स्थानीय प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की.

कार्यक्रम का आयोजन मोहम्मदगंज प्रखंड के भजनिया स्थित माँ देवी धाम परिसर में किया गया. यहां पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने पौधारोपण करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने सुशासन, विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रामप्रवेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है.वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता सी.वी. रमन सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का हर वर्ग राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनसेवा जैसे अभियानों को देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया.

कार्यक्रम के दौरान युवा नेता सूर्या सोनल सिंह ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारियों और जनहित के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे, तो देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है. इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री संतोष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष राजकुमार मेहता, योगेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, विनय पासवान, हंसराज सिंह, उदय सिंह, रामबालक गुप्ता, कामता मेहता, परमेश्वर माली, बृज नारायण सिंह, नर्वदेश्वर सिंह, अशोक सिंह, अयोध्या चंद्रवंशी, विश्वनाथ चौधरी, दिलीप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, अशोक मेहता, रामसुंदर प्रसाद मेहता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.