Jharkhand

बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन से शोक की लहर, भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK:पाकुड़ के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन पर भाजपा नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है. नेताओं ने इसे पार्टी और झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की है.

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जनसंघ काल से ही संगठन की विचारधारा को मजबूत करने में बेनी प्रसाद गुप्ता का अहम योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि पाकुड़ से भाजपा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन पार्टी संगठन को समर्पित रहा. उनके निधन की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है और यह झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है.

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन से मन व्यथित है. उन्होंने अपने पूरे जीवन को समाज सेवा, जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया. उनके जाने से सार्वजनिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है. उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, संगठन और जनसेवा के प्रति बेनी प्रसाद गुप्ता का समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहेगा. उनके कार्य और विचार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे.

पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है. इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू और गीता कोड़ा शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है.