☰
Jharkhand

परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 ट्रैक्टर जब्त, 25 वाहनों से वसूला गया 84 हजार रुपये जुर्माना

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला परिवहन विभाग ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है. शुक्रवार को पाकुड़-मालपहाड़ी-हिरणपुर मुख्य सड़क मार्ग और हिरणपुर थाना गेट के पास व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान गिट्टी, डस्ट और मिट्टी लदे 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया, जबकि 25 वाहनों से कुल 84 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया. जिला परिवहन कार्यालय की ओर से चलाए गए इस अभियान में करीब 30 से 35 छोटे-बड़े वाहनों की जांच की गई. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो ट्रैक्टर, तीन छोटी स्कूल गाड़ियां, दो बस, चार हाइवा, दो पिकअप सहित अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई. जब्त किए गए पांच ट्रैक्टरों को पाकुड़ नगर थाना में सुरक्षित रखा गया है.

परिवहन विभाग के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना है. खासकर गिट्टी, मिट्टी और डस्ट जैसी निर्माण सामग्री की ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर अधिक चक्कर लगाने के चक्कर में तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. अभियान के दौरान वाहन चालकों और मालिकों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए. सभी वाहनों के कागजात, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस दुरुस्त रखने को कहा गया. वहीं निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों को तिरपाल से ढककर चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक भार नहीं लादने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई.

इसके अलावा वाहनों में प्रेशर हॉर्न, तेज रोशनी वाली हाई बीम लाइट और अनधिकृत बॉडी बदलाव नहीं करने का निर्देश दिया गया. स्कूल वाहनों सहित सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और शहर में निर्धारित नो एंट्री के समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया. जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा और पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: विकास कुमार