Jharkhand

पाकुड़ में कई घरों को चोरों ने बनाया निशाना, पुलिस जवान पर भी हमला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाया. बड़ी अलीगंज और तिरंगा चौक इलाके में हुई घटनाओं से लोगों में दहशत है. चोर दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी ले उड़े जबकि एक अन्य घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही. इस दौरान एक पुलिस जवान का चोरों से सामना हो गया. आरोप है कि एक चोर ने जवान पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की.

बाल-बाल बचे निसार अहमद

पहली घटना जिला पुलिस बल के जवान निसार अहमद के घर हुई. निसार अहमद एसपी आवास में ड्यूटी पर थे. इसी दौरान चोर ग्रिल तोड़कर उनके घर में घुस गए और सामान खंगालने लगे. ड्यूटी खत्म होने के बाद निसार घर पहुंचे तो उन्हें अंदर हलचल दिखाई दी. निसार अहमद का चोरों से आमना-सामना होते ही आरोपी भागने लगे. इसी दौरान एक चोर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हालांकि, निसार अहमद हमले में बाल-बाल बच गए. निसार के मुताबिक, संदिग्ध बोलबम के वेश में थे.

सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी

दूसरी घटना बड़ी अलीगंज में व्यवसायी संजय भगत के किराए के मकान में हुई. संजय भगत अमड़ापाड़ा गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे. चोरों ने दूसरे तल्ले का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. बुधवार सुबह परिवार को चोरी की जानकारी हुई. परिजनों के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये है.

खंगाली गई सीसीटीवी फुटेज

वहीं, तिरंगा चौक के पास एक अधिवक्ता के घर में भी चोरी की कोशिश की गई, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके. सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

रिपोर्ट – विकास कुमार