Jharkhand

21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में खून से लथपथ मिला शव, हत्या की आशंका

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के डूमचीर जेटकाटोला गांव से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. महिला का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला. मृतका की पहचान मारुति मरांडी के रूप में हुई है. उसके सिर से काफी खून बह रहा था, जिसके कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है. इस घटना की जानकारी मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया.

मृतका की मां ने बताया कि सुबह जब वह घर पहुंचीं तो उनकी बेटी बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी. यह देखकर उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. परिजनों के अनुसार, मारुति मरांडी की तीन शादियां हुई थीं और वह फिलहाल अपनी मां के साथ रह रही थी. पुलिस ने घटनास्थल से महिला का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. अब मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.

इसके साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के सिर पर किसी नुकीले हथियार से हमला किया गया हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: विकास कुमार