☰
Jharkhand

पाकुड़ में स्टोन क्रशर लूट गिरोह का खुलासा, बंगाल के तीन अपराधी गिरफ्तार

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पाकुड़(PAKUR): जिले में स्टोन क्रशर और खदानों को निशाना बनाकर लगातार लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पश्चिम बंगाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से लूट में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और हथियार समेत कई सामान बरामद किए हैं. वहीं, चोरी किए गए तीन बड़े और दो छोटे क्रशर मोटर भी जब्त किए गए हैं.

कई क्रशर प्लांट को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी में अपराधियों ने नाइट गार्ड और मजदूरों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी. इसके बाद 29 और 31 अक्टूबर की रात रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के अंबियापहाड़ी और बलियापतरा स्थित तीन स्टोन क्रशर में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया. वहीं, 2 नवंबर को महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में नाइट गार्ड को धमकाकर सामान लूट लिया गया.

SIT ने बंगाल में की छापेमारी

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने पाकुड़ और महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की. जांच में सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ होने की जानकारी मिली. इसके बाद पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

लूट का सामान बरामद, अन्य की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा के मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार और मुर्शिदाबाद के रिंकु शेख व नबी शेख के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से पिकअप वाहन, मोबाइल फोन, हसुआ, पांच क्रशर मोटर और क्षतिग्रस्त डीवीआर बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इनके खिलाफ पाकुड़ के अलावा पश्चिम बंगाल में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

रिपोर्ट: विकास कुमार