☰
Jharkhand

झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेज, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजमहल और पाकुड़ का लिया जायजा

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): झारखंड में SIR की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन विभाग लगातार सक्रिय है. इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने रविवार को संथाल परगना दौरे के दूसरे दिन राजमहल और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों पर SIR के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी ली और सुनवाई से जुड़े दस्तावेजों तथा अभिलेखों की जांच की.

जांच के बाद ही मतदाता सूची से हटेगा नाम

निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी अपात्र मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई के नहीं हटाया जाएगा. इसके लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को संबंधित मतदाताओं को दो बार नोटिस देना होगा. इसके बाद सुनवाई, घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही कारणों के साथ अंतिम आदेश जारी किया जाएगा.

नए युवा मतदाताओं को जोड़ने पर भी जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के आवेदन की स्थिति भी देखी. उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं. पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

पश्चिम बंगाल में आवेदन करने वालों को राहत

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें मतदाताओं ने जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए थे. इस पर के. रवि कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल में दस्तावेज बनवाने के लिए आवेदन करने वाले लोग अपने आवेदन की पावती संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को जरूर उपलब्ध कराएं. इससे पश्चिम बंगाल के अधिकारियों के साथ समन्वय कर दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद मिल सकेगी. निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.