पाकुड़ (PAKUR): झारखंड के पाकुड़ जिले में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के कानपुर गांव में एक महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद की है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को कानपुर गांव में करीब 25 वर्षीय महिला सुनीता मुर्मू अपने घर के पास मृत अवस्था में मिली थी. महिला की मौत की खबर मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मालपहाड़ी ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की. शुरुआती जांच के दौरान महिला की हत्या किए जाने की आशंका सामने आई. इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सुनीराम हेम्ब्रम को हिरासत में लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल करीब दो फीट लंबी लाठी बरामद की है. बरामद लाठी को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
इस मामले में मालपहाड़ी ओपी में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस टीम में एसआई कुमार गौरव सहित मालपहाड़ी ओपी के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: विकास कुमार
