पाकुड़(PAKUR): त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और ज्वेलरी दुकानों पर संभावित सुरक्षा खतरे को देखते हुए पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में त्योहारों के दौरान दुकानों और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए. पुलिस ने दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की. बैठक में जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
एसपी ने निर्देश दिया कि जिले की सभी ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही दुकानों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने को कहा गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो. दुकानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ उनकी नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया. पुलिस ने दुकानदारों को इमरजेंसी सायरन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आसपास के लोगों और पुलिस को तुरंत सूचना मिल सके. त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक ज्वेलरी दुकानों पर पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
इसके अलावा ज्वेलरी दुकानों के मुख्य गेट पर सुरक्षा चैन लगाने और दुकान के प्रमुख स्थानों पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के पोस्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर पड़ने पर दुकानदार तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें और खुद किसी तरह की कार्रवाई करने से बचें. पुलिस और ज्वेलरी दुकानदारों के बीच त्वरित संपर्क स्थापित करने के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का भी निर्णय लिया गया है. इसके जरिए किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तेजी से साझा की जा सकेगी. त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने दुकानदारों से सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने और ग्राहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है.
रिपोर्ट- विकास कुमार
