Jharkhand

पाकुड़ में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा! घर से 85 बोतल शराब और बीयर जब्त

Diksha Benipuri
Copy Editor
पाकुड़ में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा! घर से 85 बोतल शराब और बीयर जब्त

पाकुड़:पाकुड़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की. कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के पत्थरघट्टा पहाड़ियाटोला निवासी सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तय योजना के अनुसार आरोपी के घर पर दबिश दी. तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई. पुलिस ने मौके से रॉयल स्टेग ब्रांड की 39 बोतल विदेशी शराब और किंगफिशर ब्रांड की 46 बोतल बीयर जब्त की. इस तरह कुल 85 बोतल शराब और बीयर बरामद की गई.

छापेमारी के दौरान आरोपी सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया (33 वर्ष) को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद आरोपी के खिलाफ मालपहाड़ी ओपी थाना में उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.

पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अवैध शराब कहां से लाता था और इसकी आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी. साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

रिपोर्ट: विकास कुमार