पाकुड़(PAKUR): जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तिलभिट्ठा मार्केट में पुलिस ने छापेमारी कर गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी की दुकान से 420 ग्राम गांजा और गांजा काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं.
एसपी के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलभिट्ठा मार्केट की एक दुकान में अवैध रूप से गांजा की बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग मौके से भाग निकले. हालांकि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की.
गांजा बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असरफ शेख के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसकी दुकान से 420 ग्राम गांजा बरामद किया गया. इसके अलावा गांजा काटने में इस्तेमाल होने वाली दो कैंची और दो कटर भी जब्त किए गए. पुलिस ने बरामद सभी सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मुफस्सिल थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं मामले में फरार दूसरे आरोपी गुलाब शेख की तलाश जारी है. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
रिपोर्ट - विकास कुमार