Jharkhand

पाकुड़: मां की बीमारी का बहाना बना युवती ने सब्जी विक्रेता को ठगा, ऑनलाइन ट्रांसफर कराए ₹3500

Rashmi Prasad CE
Copy Editor

पाकुड़(PAKUR): जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र से ऑनलाइन ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां हाटपाड़ा स्थित एक सब्जी मंडी में सोमवार को एक युवती ने चालाकी करते हुए एक गरीब सब्जी विक्रेता को अपना शिकार बना लिया. दरअसल, युवती ने अपनी मां की गंभीर तबीयत खराब होने का हवाला देकर बेहद भावुक ड्रामा रचा और मदद के नाम पर सब्जी विक्रेता से 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए. पैसे ट्रांसफर होते ही वह नकद राशि देने के बजाय मौके से रफूचक्कर हो गई. हालांकि, पीड़ित की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवती को थोड़ी ही दूर पर पकड़ लिया गया.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार को हाटपाड़ा सब्जी मंडी में रोजाना की तरह चहल-पहल थी. इसी दौरान एक युवती वहां पहुंचे और एक सब्जी विक्रेता के सामने रोने-बिलखने लगी. उसने कहा कि उसकी मां अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है और उसे तुरंत पैसों की जरूरत है. उसने झांसा दिया कि उसके पास नकद रुपये मौजूद हैं, लेकिन उसे किसी को भेजने के लिए ऑनलाइन पैसों की आवश्यकता है. उसने दुकानदार से कहा कि वह उसके खाते में 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दे, और वह बदले में तुरंत उसे कैश थमा देगी. सब्जी विक्रेता ने मानवता के नाते बिना सोचे-समझे अपने मोबाइल से बताए गए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए.

पैसे ट्रांसफर होने का मैसेज मोबाइल पर आते ही युवती ने अपना रंग बदल लिया और कैश देने के बजाय वहां से तेजी से भागने लगी. खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित सब्जी विक्रेता ने शोर मचाते हुए उसका पीछा करना शुरू किया. करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित राज हाई स्कूल रोड के पास पीड़ित ने दौड़कर युवती को पकड़ लिया. शोर सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद घटना की सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को हिरासत में ले लिया और उसे अपने साथ थाने ले गई. फिलहाल पुलिस युवती को हिरासत में रखकर कड़ी पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन में जुटी है.