Jharkhand

पाकुड़: पत्नी से होनी थी सुलह, उससे पहले ही युवक ने लगा ली फांसी, परिवार में मचा कोहराम

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
पाकुड़: पत्नी से होनी थी सुलह, उससे पहले ही युवक ने लगा ली फांसी, परिवार में मचा कोहराम

पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है. सबसे दुखद बात यह रही कि जिस दिन पति-पत्नी के बीच समझौते की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होनी थी, उससे पहले ही युवक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. 

मामला नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित बड़ी अलीगंज मोहल्ले का है. मृतक की पहचान 30 वर्षीय राहुल राय के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, राहुल और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. इसी वजह से उनकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी, जबकि उनके तीन छोटे बच्चे, दो बेटियां और एक बेटा, अपने पिता के साथ रहते थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते सोमवार को वार्ड पार्षद और मोहल्ले के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी. विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया और मंगलवार को लिखित समझौते के बाद पति-पत्नी को दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया जाना था. लेकिन इससे पहले ही राहुल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

राहुल राय पेशे से चालक थे. पहले वह पाकुड़ के डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल का वाहन चलाते थे. बाद में उन्होंने निजी वाहन चालक के रूप में काम करना शुरू कर दिया था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. घटना का सबसे मार्मिक पहलू तब सामने आया, जब राहुल की छोटी बेटी ने परिवार के लोगों को बताया कि उसके पिता कमरे में फंदे से लटके हुए हैं. उस समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे. मृतक की भाभी खुशी देवी ने बताया कि जब वह काम से वापस लौटीं तो बच्ची ने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से राहुल को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है. इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. खासकर तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे मोहल्ले में गम का माहौल है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.