☰
Jharkhand

पाकुड़ की बेटी साक्षी ने रचा इतिहास, SSC CGL-2025 में हासिल की ऑल इंडिया 947वीं रैंक

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): जिले के अमड़ापाड़ा की बेटी साक्षी कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. साक्षी ने SSC CGL-2025 में ऑल इंडिया 947वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे पाकुड़ जिले का नाम रोशन किया है. परीक्षा में सफलता के बाद उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर हुआ है. खास बात यह है कि साक्षी ने नौकरी करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और लगातार सफलता हासिल की. इससे पहले वह SSC MTS, SSC CHSL और SSC CGL-2024 की परीक्षा भी पास कर चुकी हैं. उनकी इस उपलब्धि से अमड़ापाड़ा समेत पूरे जिले में खुशी का माहौल है.

बता दें, अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार निवासी विजय भगत की बेटी साक्षी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ज्ञान भारती विद्यालय से पूरी की. इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय सिलमपुर से मैट्रिक, एसपी कॉलेज दुमका से इंटर और पटना के अरविंद महिला कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी. सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद साक्षी ने अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा. पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया, जो उनके लिए एक खास उपलब्धि का पल रहा.

अपनी सफलता पर साक्षी ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता, दादी और गुरुजनों के सहयोग और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने लगातार मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपनी सफलता का आधार बताया. पाकुड़ जैसे जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में शानदार रैंक हासिल करने वाली साक्षी की कहानी अब जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है. उनकी सफलता ने यह संदेश भी दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, सही दिशा में मेहनत और दृढ़ संकल्प के जरिए बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

रिपोर्ट: विकास कुमार