Jharkhand

पाकुड़ पुलिस की बड़ी सफलता, एक सप्ताह में दो बड़ी चोरी का खुलासा; मालदा के चार शातिर चोर गिरफ्तार

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
पाकुड़ पुलिस की बड़ी सफलता, एक सप्ताह में दो बड़ी चोरी का खुलासा; मालदा के चार शातिर चोर गिरफ्तार

पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सिंधीपाड़ा में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से सोना-चांदी के गहने, लैपटॉप, चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक समेत कई सामान बरामद किए गए हैं.

चार शातिर चोर गिरफ्तार

नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में 28 और 29 जून की रात दो बंद घरों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है.

थाने में दर्ज की गई थी प्राथमिकी

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने दोनों घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसे के बर्तन, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था. घटना के बाद नगर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं.

महज एक सप्ताह के अंदर गिरफ्तारी

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए महज एक सप्ताह के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 7.06 ग्राम सोना, 97.620 ग्राम चांदी, एक लैपटॉप, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कांसे के बर्तन, पुराने नोट व सिक्के, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, गमछा तथा बेडशीट बरामद किए गए हैं.

सभी आरोपी मालदा  के कालियाचक निवासी

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने नगर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं. इनमें से कई आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं.

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह का संबंध जिले एवं आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है.

रिपोर्ट – विकास कुमार