Jharkhand

MMDR संशोधन के खिलाफ JMM का हल्लाबोल, विधायक हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पाकुड़(PAKUR): खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन कानून(MMDR), 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने शनिवार को पाकुड़ जिले में शक्ति प्रदर्शन किया. पाकुड़ के साथ अमड़ापाड़ा और लिट्टीपाड़ा प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया. लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में अमड़ापाड़ा और लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. झामुमो कार्यकर्ताओं ने संशोधन को वापस लेने की मांग उठाई. झामुमो ने राज्यव्यापी स्तर पर इस संशोधन के खिलाफ आंदोलन का कार्यक्रम बनाया है.

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की पहचान और यहां के लोगों के अधिकारों से जुड़ी हुई है. मुर्मू ने केंद्र सरकार की नीति का विरोध करते हुए कहा कि झामुमो इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा. पार्टी का आरोप है कि संशोधन से खनिज अधिकारों और राज्य के राजस्व हितों पर असर पड़ सकता है. संशोधित कानून में राज्यों द्वारा खनिज अधिकारों पर कर और सेस लगाने की शक्ति पर कुछ प्रतिबंधों का प्रावधान किया गया है.

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड अपने अधिकारों की रक्षा के सवाल पर पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और राज्य के संसाधनों से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की अपील की. प्रदर्शन में सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही. पार्टी ने स्पष्ट किया है कि MMDR संशोधन के खिलाफ उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा.

रिपोर्ट: विकास कुमार