☰
Jharkhand

पाकुड़ में सरकारी नहर पर अतिक्रमण, मकान-दुकान से लेकर नर्सिंग होम तक बने, अब हाईकोर्ट पहुंचा मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): झारखंड के पाकुड़ जिले में सरकारी सिंचाई नहर पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब झारखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है. पाकुड़ सदर प्रखंड के चाँचकी से चांदपुर बॉर्डर तक करीब 7 किलोमीटर लंबी नहर पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया गया है. आरोप है कि नहर को मिट्टी और पत्थरों से भरकर उसके ऊपर मकान, दुकान और नर्सिंग होम तक बना दिए गए हैं. इस कारण सरकारी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसानों को खेतों तक पानी नहीं मिल पा रहा है.

इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर की है. उनका आरोप है कि सरकारी नहर की जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा किया गया है. अतिक्रमणकारियों ने नहर के अस्तित्व को ही खत्म करने की कोशिश की है. नहर में मिट्टी और पत्थर भर दिए जाने से पानी का बहाव बाधित हो गया है. इसका सीधा असर आसपास के किसानों पर पड़ रहा है, जिन्हें सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.

बताया जाता है कि नहर पर अतिक्रमण का मामला पहले भी कई स्तरों पर उठाया जा चुका है. सामाजिक कार्यकर्ता की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और झारखंड हाईकोर्ट का ध्यान भी इस ओर आकृष्ट कराया गया था. इसके बावजूद कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप है. इसी को आधार बनाकर अब संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए अवमानना याचिका दायर की गई है.

सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता. सिंचाई नहर किसानों की जरूरत से जुड़ी है और इसे अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नहर से अवैध कब्जा नहीं हटाया जाता और सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा. अब इस मामले में हाईकोर्ट की सुनवाई और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.

रिपोर्ट: विकास कुमार