Jharkhand

प्रेम संबंध के शक में पति बना हैवान! विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, फिर जो हुआ....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित प्रेम संबंध के संदेह में एक विवाहिता महिला और एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि महिला के पति और उसके साथियों ने दोनों को पकड़कर बंधक बना लिया. इसके बाद उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया. घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया. इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया.

पीड़िता के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने महिला के पति सहित पांच नामजद आरोपियों और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम साईमन मरांडी और एसडीपीओ विजय कुमार की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.