Jharkhand

पाकुड़ में बालू माफियाओं पर पूर्व विधायक का एक्शन, अवैध परिवहन करते हाईवा को पकड़ा

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा में अवैध बालू परिवहन का मामला सामने आया है.जहां पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने बालू लदे एक हाईवा ट्रक को रोककर प्रशासन के हवाले कर दिया. जानकारी के मुताबिक हाईवा दुमका की ओर से लिट्टीपाड़ा आ रहा था.आरोप है कि ट्रक में लदे बालू का वैध माइनिंग चालान नहीं था. इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

दिनेश विलियम मरांडी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की

पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने कहा कि जब एनजीटी की रोक के कारण गरीबों को ट्रैक्टर से बालू नहीं मिल पा रहा है, तब बिना वैध कागजात के बड़े-बड़े हाईवा जिले के कई चेकपोस्ट पार कर कैसे निकल रहे है.उन्होंने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. फिलहाल प्रशासन ट्रक के दस्तावेजों और खनन से जुड़े कागजातों की जांच कर रहा है.जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विभाग की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर खनन विभाग की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित जांच अभियान चलाया जाए तो अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.

रिपोर्ट-विकास कुमार