पाकुड़(PAKUR): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का निधन हो गया. उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.
बेनी प्रसाद गुप्ता पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे. उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनकी तबीयत लगातार खराब बनी हुई थी. अचानक उनकी हालत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बेनी प्रसाद गुप्ता का राजनीतिक जीवन काफी लंबा और सक्रिय रहा. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर के दौरान जनता के बीच मजबूत पहचान बनाई और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया
झारखंड गठन के बाद भी उनका राजनीतिक प्रभाव कायम रहा. वे पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर दो बार विधायक चुने गए. अपने सरल स्वभाव से वे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय थे. लउनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया. कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.बेनी प्रसाद गुप्ता का निधन न केवल भाजपा के लिए, बल्कि पाकुड़ की राजनीति के लिए भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है. उनके योगदान और जनसेवा को लंबे समय तक याद किया जाएगा.
