☰
Jharkhand

पाकुड़ में बालू ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों को DTO की हिदायत, दलालों को पैसे न देने की अपील

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पाकुड़(PAKUR): जिले में बालू का परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों से परिवहन विभाग के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायत सामने आई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ने शुक्रवार सुबह बाजार समिति के पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर ट्रैक्टर चालकों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चालकों से बातचीत कर अवैध वसूली से जुड़ी शिकायतों की जानकारी ली और मौके पर ही उनका सत्यापन किया.

दलालों के झांसे में न आएं चालक

ट्रैक्टर चालकों से बातचीत के दौरान परिवहन पदाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि विभाग के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति को भुगतान न करें. उन्होंने बताया कि यदि कोई दलाल या कोई व्यक्ति परिवहन कार्यालय का हवाला देकर अनुचित तरीके से पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें.

उन्होंने चालकों को भरोसा दिलाया कि अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए चालक सीधे उनसे या अपने वरीय पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं.

नियमों का पालन कर करें बालू का परिवहन

DTO ने ट्रैक्टर चालकों को यह भी समझाया कि बालू का परिवहन करते समय सभी जरूरी नियमों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि वैध तरीके से बालू का उठाव और परिवहन करें, ताकि किसी तरह की कानूनी परेशानी न हो. परिवहन पदाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य चालकों को जागरूक करना और विभाग के नाम पर होने वाली अवैध वसूली पर रोक लगाना है. अब देखना होगा कि शिकायतों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होती है.

रिपोर्ट: विकास कुमार