पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफसिल थाना क्षेत्र के पुष्पानगर में स्थित एक चाय दुकान पर छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजा बरामद किया, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक चाय दुकान की आड़ में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की.
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर, 26 पुड़िया गांजा और 2310 रुपये नकद बरामद किए गए. बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसारूल शेख और सादुल शेख के रूप में हुई है. पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि नशे की खेप पश्चिम बंगाल से लाई जाती थी और फिर आसपास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई की जाती थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया. वहीं, पुलिस मुख्य सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट : विकास कुमार
