पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजानी गांव में संचालित अवैध ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक बंद पड़े मकान में छापेमारी कर ब्राउन शुगर और गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों के अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान भी बरामद किए गए हैं.
मामले की जानकारी देते हुए पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि घाघरजानी गांव के एक बंद मकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर और गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम दंडाधिकारी के साथ जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार साहा और सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है.
इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, करीब एक हजार प्लास्टिक पन्नियां, एक चिलम और नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. बरामद सामान से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यहां लंबे समय से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार दुबे के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ हिरणपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट : विकास कुमार
