Jharkhand

पाकुड़ में डबल मर्डर से सनसनी, पत्नी और सास की हत्या के बाद आरोपी फरार

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पाकुड़(Pakur): पाकुड़ जिले में घरेलू विवाद ने देर रात खौफनाक रूप ले लिया. लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागढ़िया गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी और सास पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

बच्चों के सामने की वारदात

आरोपी अबरास अंसारी दूसरे राज्य में मजदूरी करता है और घटना वाले दिन ही घर लौटा था. देर रात किसी बात को लेकर उसका पत्नी गुलचेहरा बीबी और सास मेनजा बीबी से विवाद हो गया. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि उसने चाकू निकाल लिया और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना घर में मौजूद बच्चों के सामने हुई. हमले के बाद दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे.

सात साल की बेटी ने बताई पूरी घटना

मृतका की सात साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता घर आते ही मां और नानी से झगड़ा करने लगे. कुछ देर बाद उन्होंने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया. बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा लग रहा है. हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. एसडीपीओ कुमार गौरव ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया.