☰
Jharkhand

पाकुड़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर, बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, धान बचाने की चिंता में किसान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पाकुड़(PAKUR): साल भर खेतों में मेहनत करने के बाद जब फसल घर लाने का समय आता है, तो किसानों की सबसे बड़ी चिंता मौसम को लेकर रहती है. कुछ ऐसा ही हाल इन दिनों पाकुड़ जिले के किसानों का है. खेतों में धान की फसल तैयार है और कई जगहों पर कटाई का काम चल रहा है. किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल समेटने में जुटे हैं. लेकिन इसी बीच चक्रवाती तूफान अक्वान के प्रभाव से मौसम ने करवट ले ली है. आसमान में छाए बादलों और रुक-रुककर हो रही हल्की बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.

शुक्रवार सुबह से ही पाकुड़ जिले में आसमान बादलों से ढका हुआ है. धूप नहीं निकलने के कारण दिनभर मौसम सुहाना तो बना हुआ है, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम परेशानी का कारण बन गया है. हल्की बूंदाबांदी के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है. आम लोगों को भी मौसम में आए इस बदलाव का एहसास होने लगा है.

सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिनकी धान की फसल खेतों में तैयार खड़ी है या जिनकी कटाई हो चुकी है. कई किसान अभी खेतों में धान काट रहे हैं, जबकि कुछ कटे हुए धान को समेटकर घर ले जाने की तैयारी में हैं. ऐसे में अगर बारिश तेज होती है, तो खेतों में रखी फसल को नुकसान पहुंच सकता है. इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरने का डर बना हुआ है.

क्या कह रहे है किसान 

किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने के बाद मौसम का साथ देना बेहद जरूरी है. अगर इस समय लगातार बारिश होती है, तो धान की कटाई और उसे सुरक्षित रखने में काफी मुश्किलें आएंगी.

फिलहाल पाकुड़ में बादलों का डेरा बना हुआ है और रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है. ऐसे में किसान आसमान की ओर देख रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम जल्द साफ हो, ताकि वे बिना किसी नुकसान के अपनी फसल घर पहुंचा सकें.

रिपोर्ट: विकास कुमार