पाकुड़ (PAKUR): जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित रानीपुर नहर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. खाली ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. मृतकों की पहचान चरण मरांडी और विभीषण मरांडी के रूप में हुई है. दोनों लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव के निवासी थे.
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर खाली था और कटा हुआ धान लाने के लिए जा रहा था. इसी दौरान रानीपुर नहर के पास चालक का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया. देखते ही देखते ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के दौरान ट्रैक्टर पर सवार लोग उसके नीचे दब गए. इस दुर्घटना में चरण मरांडी और विभीषण मरांडी की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास किया. हादसे की सूचना हिरणपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही करणघाटी गांव में मातम छा गया. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुए इस हादसे से गांव के लोग स्तब्ध हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ.
रिपोर्ट: विकास कुमार
