Jharkhand

पाकुड़ में वज्रपात का कहर ! बिजली गिरने से चार मजदूर घायल, एक की हालत नाजुक

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पाकुड़ (PAKUR):झारखंड के पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड स्थित पलियादाहा सुजानटोला गांव में शनिवार को घर निर्माण के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार मजदूर घायल हो गए. इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है.जानकारी के अनुसार, गांव में मकान निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया. तेज बारिश और गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वहां काम कर रहे जुगनू हेम्ब्रम (42), नारायण हेम्ब्रम (20), श्रीतन सोरेन (25) और पवन हांसदा (16) इसकी चपेट में आ गए.

 एक की हालत नाजुक

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाकुड़िया पहुंचाया. अस्पताल में डॉ. मंज़र आलम के नेतृत्व में सभी का इलाज किया जा रहा है. स्वास्थ्यकर्मी लुखीमुनी हांसदा और जुली हेम्ब्रम भी घायलों की देखभाल में जुटी है.चिकित्सकों के अनुसार, जुगनू हेम्ब्रम की हालत सबसे गंभीर है.वह बेहोशी की अवस्था में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

पूरे गांव में दहशत का माहौल

वहीं नारायण हेम्ब्रम, श्रीतन सोरेन और पवन हांसदा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है तथा उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है.घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

रिपोर्ट: विकास कुमार