☰
Jharkhand

पाकुड़ में पेड़ से लटकता मिला घर जमाई का शव, हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पाकुड़ (PAKUR):पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर गांव में एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान वकील हेंब्रम के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि वकील हेंब्रम मूल रूप से कोलाजोड़ा गांव के निवासी थे.

20 साल से ससुराल में ही घर जमाई बनकर रह रहा था 

पिछले करीब 20 वर्षों से वह अपनी ससुराल में घर जमाई बनकर रह रहे थे.शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पोखर के पास आम के पेड़ से उनका शव लटकता देखा. इसके बाद गांव के प्रधान ने नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी.सूचना मिलते ही एसआई अनंत साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

 हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस

परिजनों के अनुसार, वकील हेंब्रम अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए है. परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था.ऐसे में आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

रिपोर्ट: विकास कुमार