Jharkhand

पाकुड़ में अवैध पत्थर खनन पर ACB का शिकंजा, 9.71 एकड़ में गड़बड़ी की पुष्टि का दावा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पाकुड़ (PAKUR): झारखंड-बंगाल सीमा से सटे पाकुड़ जिले में कथित अवैध पत्थर खनन के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. एसीबी दुमका की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है. गुरुवार को एसीबी की टीम पाकुड़ पहुंची और सदर अंचल के कसियाडांगा, कान्हूपुर और सिंहगड्ढा इलाके का जायजा लिया. टीम ने मौके से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ अधिकारियों से दस्तावेज और अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी लिए. मामला करीब 16 बीघा जमीन पर कथित तौर पर किए गए अवैध पत्थर खनन से जुड़ा है. आरोप है कि राजग्राम के एक पत्थर कारोबारी ने संबंधित क्षेत्र में नियमों के विपरीत खनन कराया. इस मामले में सरकारी राजस्व को करीब 50 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान सामने आया है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पूर्व और वर्तमान उपायुक्त ने सिविल एसडीओ को जांच के निर्देश दिए थे. इसके बाद सिविल एसडीओ की मौजूदगी में संबंधित खनन क्षेत्र का डीजीपीएस सर्वे कराया गया. सर्वे के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट खनन विभाग को सौंप दी. रिपोर्ट में करीब 9.71 एकड़ जमीन पर अवैध खनन होने की पुष्टि किए जाने की बात कही गई है. इसी रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर अब एसीबी ने जांच आगे बढ़ाई है.

मामले को एसीबी द्वारा अपने स्तर पर लेने के बाद टीम पहली बार पाकुड़ पहुंची. डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने माइनिंग कार्यालय और सिविल एसडीओ के आवासीय कार्यालय में अधिकारियों से जानकारी ली. एसीबी अधिकारियों ने मामले से संबंधित दस्तावेज, सर्वे रिपोर्ट और अन्य रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई. अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होगी.