Jharkhand

लोहरदगा: सूने मकान से चोरों ने की लाखों की चोरी, 2.75 लाख नकद और 10 लाख के जेवरात लेकर फरार

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
लोहरदगा: सूने मकान से चोरों ने की लाखों की चोरी, 2.75 लाख नकद और 10 लाख के जेवरात लेकर फरार

लोहरदगा (LOHARDAGA): जिले के थाना टोली स्थित एक खबर ने इलाके में सनसनी फैला दी जहां ICICI बैंक के समीप रहने वाले नवीन प्रसाद के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दरअसल, यह घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य किसी जरूरी काम से रांची गए हुए थे. शुक्रवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे और कमरों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए. चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और ताला तोड़कर अंदर घुस गए. इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली, अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा सामान को इधर-उधर बिखेर दिया. घर के विभिन्न कमरों में कपड़े, दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ था कि चोरों ने काफी देर तक घर में रहकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बताया कि मजदूरों को भुगतान करने के लिए उनके भाई उत्तम प्रकाश ने घर में करीब 2.75 लाख रुपये नकद रखे थे, जिसे चोर अपने साथ ले गए. इसके अलावा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात भी चोरी कर लिए गए. परिवार का कहना है कि चोरी हुए कई आभूषण पैतृक थे, जो पीढ़ियों से सुरक्षित रखे गए थे. इसके साथ ही कांसा और पीतल के बर्तन, घरेलू उपयोग की कई कीमती वस्तुएं तथा शादी और अन्य पारिवारिक समारोहों में उपहार स्वरूप मिले सामान भी चोर उठा ले गए. घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भावनात्मक आघात भी पहुंचा है, क्योंकि कई सामान उनकी पारिवारिक विरासत से जुड़े हुए थे.

घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर के भीतर तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की तैयारी भी की जा रही है. हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब तक जांच अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ी है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है.