लोहरदगा (LOHARDAGA): लोहरदगा मंडल कारा में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक कैदी की पहचान जाहिद पावरिया के रूप में हुई है. घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. वहीं, मृतक के परिजनों ने जेल प्रबंधन और कुछ विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या का मामला बताया है. परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. जानकारी के अनुसार, जाहिद पावरिया को पुलिस ने शादी का झांसा देने के आरोप में गिरफ्तार किया था. इसके बाद अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेजा गया था. परिवार के लोगों का कहना है कि जाहिद के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया चल रही थी और इसी महीने उसे अदालत से जमानत मिलने की उम्मीद थी. परिजन उसकी रिहाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन लोहरदगा पहुंचे और जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए. परिवार वालों ने जेल प्रशासन के उस दावे को स्वीकार नहीं किया, जिसमें मौत को सामान्य बताया जा रहा है. उनका आरोप है कि जाहिद को जेल के अंदर साजिश के तहत मारा गया है. परिजनों का कहना है कि जब उसकी जमानत की प्रक्रिया चल रही थी और वह जल्द जेल से बाहर आने वाला था, तो अचानक उसकी मौत कई सवाल खड़े करती है. इस घटना के बाद परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है. जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. प्रशासन ने कहा है कि जांच के दौरान यदि किसी तरह की लापरवाही या किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल कैदी की मौत को लेकर इलाके में चर्चा तेज है और सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है.
