टीएनपी डेस्क(TNP DESK): धनबाद में आयोजित तीसरी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लोहरदगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. जिले के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज समेत कुल तीन मेडल अपने नाम किए. धनबाद के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. लोहरदगा के लिए अर्चना उरांव, बसंत उरांव और सिवांगी किस्पोट्टा ने मेडल जीते.
अर्चना को गोल्ड, बसंत और सिवांगी ने भी जीते मेडल
अंडर-14 वर्ग में अर्चना उरांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं अंडर-16 की 600 मीटर दौड़ में बसंत उरांव ने सिल्वर मेडल जीता. जेवलिन थ्रो में सिवांगी किस्पोट्टा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर लोहरदगा का नाम रोशन किया.
हालांकि, जिले की दो और खिलाड़ी आराधना लकड़ा और सीमा उरांव मेडल नहीं जीत सकीं. दौड़ के दौरान सीमा गिर गईं और उन्हें स्पाइक लगने से गंभीर चोट आई. इसके कारण वह प्रतियोगिता पूरी नहीं कर सकीं. वहीं पिछले साल की विजेता आराधना लकड़ा धनबाद पहुंचने के बाद बीमार हो गईं.
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की मांग
जिला एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि लोहरदगा के खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है और उन्हें बेहतर मंच देने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी.
एसोसिएशन ने जिला प्रशासन और हिंडालको से एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. खिलाड़ियों को अच्छी क्वालिटी के स्पाइक और दूसरी जरूरी खेल सुविधाएं देने पर भी जोर दिया गया है.
खिलाड़ियों ने कोच विकास कुमार महतो के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया है. उनकी सफलता पर डीसी संदीप कुमार मीणा, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी राज माहेश्वरम समेत जिला प्रशासन, हिंडालको और एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बधाई दी है.