लोहरदगा (LOHARDAGA): झारखंड के लोहरदगा जिले से एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. कुड़ू थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. दोनों आरोपियों पर दुष्कर्म और POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, नाबालिग जंगल से लकड़ी लेकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन जंगल की ओर ले गए. आरोप है कि दोनों उसे करीब आधा किलोमीटर अंदर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. धमकी के बावजूद नाबालिग किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ कुड़ू थाना पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया है.
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है. पुलिस आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
