☰
Jharkhand

लोहरदगा पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल! 9 सब-इंस्पेक्टर का तबादला, 5 को मिली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

लोहरदगा (LOHARDAGA): जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी के आदेश पर जिले के 9 सब-इंस्पेक्टर का तबादला किया गया है. इनमें 5 अधिकारियों को अलग-अलग थानों की कमान सौंपी गई है. विभागीय आदेश के बाद सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई पदस्थापना पर योगदान देने और इसकी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपने का निर्देश दिया गया है. इस फेरबदल के बाद जिले के कई थानों में पुलिसिंग की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी.

जारी आदेश के अनुसार, मनोज कुमार को सेन्हा थाना प्रभारी, वारिस हुसैन को किस्को थाना प्रभारी, नीरज झा को कुडू थाना प्रभारी, अविनाश राम को बगडू थाना प्रभारी और रवि रंजन कुमार को कैरो थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं अजीत कुमार को तकनीकी शाखा में पदस्थापित किया गया है. मानस कुमार साधु और दिनेश कुमार को लोहरदगा थाना भेजा गया है. इसके अलावा कैरो थाना में पदस्थापित कुंदन कुमार रवानी का तबादला सेन्हा थाना किया गया है. पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

नई जिम्मेदारी संभालने वाले थाना प्रभारियों के लिए भी एसपी की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. सभी नए थाना प्रभारियों को सात दिनों के भीतर मालखाना का प्रभार लेने के साथ लंबित मामलों से जुड़े दस्तावेज और कांडों का प्रभार संबंधित अधिकारियों से लेने को कहा गया है. वहीं जिन अधिकारियों के स्थानांतरण हुए हैं, उन्हें लंबित कांडों का प्रभार विधिवत सौंपने का निर्देश दिया गया है. आदेश में साफ कहा गया है कि प्रभार हस्तांतरण में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. इस आदेश के बाद जिले में पुलिस अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का नया बंटवारा प्रभावी हो गया है.