लोहरदगा (LOHARDAGA): जिले के मंडुवापाठ सलैया के घने जंगलों में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में वन विभाग की टीम ने मौके से 11 पीस चौपहल और दो पीस बोटा जब्त किए हैं. लगातार हो रही तेज बारिश और दुर्गम जंगल क्षेत्र के बावजूद वनकर्मियों ने इस अभियान को सफल बनाया. विभाग को सूचना मिली थी कि जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर चौपहल तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें बाहर भेजने की तैयारी चल रही है. सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया और जंगल में घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई.
बता दें, काफी देर तक निगरानी और घात लगाने के बाद वन विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को जंगल के भीतर अवैध रूप से चौपहल तैयार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. हालांकि उसके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई लकड़ियां काफी मूल्यवान हैं और इन्हें अवैध रूप से दूसरे स्थानों पर भेजने की तैयारी थी. मामले में वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
इधर, वन विभाग के इस अभियान में प्रवीण उरांव, लाल अनूप शाहदेव, एक वॉचर और वाहन चालक की अहम भूमिका रही. विभाग ने उनकी सतर्कता और साहस की सराहना की है. अधिकारियों ने कहा कि जिले के जंगलों में अवैध कटाई, लकड़ी तस्करी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. वन विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
