☰
Jharkhand

BREAKING: गोलियों की गूंज से दहला कुड़ु-उदयपुर रोड, 12 राउंड फायरिंग के बाद पोकलेन फूंकी, राहुल सिंह ने ली जिम्मेदारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

लोहरदगा (LOHARDAGA): लोहरदगा जिले में कुड़ु-उदयपुर रोड पर एक बार फिर गोलीबारी और वाहन में आग लगाए जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है. जानकारी के अनुसार, हथियारबंद अपराधियों ने सड़क पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की. इसके बाद सड़क किनारे खड़ी लोडर पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया. घटना को राहुल सिंह गैंग से जुड़े अपराधियों की करतूत बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. कुछ ही देर बाद सड़क किनारे खड़ी पोकलेन मशीन में आग लगी हुई दिखाई दी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच शुरू की.

पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. फायरिंग और पोकलेन में आग लगाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस इस घटना को आपराधिक वर्चस्व और किसी विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद कुड़ु-उदयपुर रोड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.