☰
Jharkhand

रिश्ता शर्मसार! नशेड़ी पिता ने बेटे को टांगी से काटा, फिर जंगल में जो किया....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

लोहरदगा (LOHARDAGA): लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार को घरेलू विवाद के बीच एक पिता ने अपने ही बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करीब एक घंटे के अंदर उसे सलगी जंगल से पकड़ लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है.

मृतक की पहचान सलगी गरभू टोली निवासी संजय वर्मा के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने उसके पिता सुरेश वर्मा को हत्या के आरोप में हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच पिछले करीब एक सप्ताह से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. परिवार के लोगों का कहना है कि सुरेश के नशे की आदत को लेकर संजय अक्सर आपत्ति जताता था. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी. बताया गया कि बुधवार सुबह सुरेश घर से निकला था और पड़ोस में जाकर नशा करने के बाद करीब 8 बजे वापस लौटा. उस वक्त संजय अपने कमरे में सो रहा था. पुलिस के अनुसार, घर लौटने के बाद सुरेश ने टांगी उठाई और कमरे में जाकर संजय के माथे पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण संजय की मौके पर ही मौत हो गई.

कुछ देर बाद परिवार के अन्य सदस्यों की नजर संजय पर पड़ी. वह खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा था. घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों ने तत्काल कुड़ू थाना पुलिस को सूचना दी. वारदात के बाद आरोपी पिता वहां से फरार हो चुका था. सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. इसके साथ ही आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई.

पुलिस की टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश करते हुए करीब एक घंटे के भीतर सुरेश वर्मा को सलगी जंगल से हिरासत में ले लिया. पूछताछ के साथ पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल टांगी भी बरामद की है. फिलहाल पुलिस मामले के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है. पिता-पुत्र के बीच विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हत्या से पहले क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. परिजन सदमे में हैं, जबकि इस वारदात से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं.