लातेहार (LATEHAR): फोन काल पर आपने कई तरह की बिजनेस डील्स होते देखा और सुना होगा पर झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास फोन कॉल पर अलग ही डील कर रहे हैं. दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से एक ऑडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जहां दावा किया जा रहा है कि मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और कथित बालू कारोबारियों के बीच बालू से लदे वाहनों के परिचालन के लिए लेन-देन की व्यवस्था तय हो रही है. हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता को लेकर कोई प्रमाणित जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो को लेकर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं. कहा जा रहा है कि बातचीत में बालू के अवैध परिवहन, वाहनों के संचालन और इसके एवज में रकम तय करने जैसी बातें शामिल हैं. ऑडियो सामने आने के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
इस वायरल ऑडियो में साफ तौर पर सुनाई दे रहा है की दो लोगों के बीच डील हो रही है. एक पक्ष से कह रहा है की 40 हजार रुपये में डील फाइनल करते हैं जिसमें से 7 हजार रुपये एंट्री के समय ही दिए जा चुके हैं. बाकी बचे 33 हजार देने के बाद दरोगा बाबू दोनों गाड़ियां चलने देंगे? ऐसे में इस वायरल ऑडियो के कारण पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई है. मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक किसी भी अधिकारी ने सार्वजनिक रूप से ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है. हालांकि ऑडियो में कथित तौर पर बालू कारोबार से जुड़े आर्थिक लेनदेन और वाहनों के संचालन पर चर्चा होती हुई सुनाई दे रही है.
ऐसे में अब मामले की तकनीकी जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है. वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच लोगों की नजर अब पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है. यदि मामले की जांच शुरू होती है, तो ऑडियो की फॉरेंसिक जांच, संबंधित लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है.
नोट: The News Post इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता.