Jharkhand

लातेहार में अवैध शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद, ढाई करोड़ की शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
लातेहार में अवैध शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद, ढाई करोड़ की शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

लातेहार (LATEHAR): लातेहार जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों और अवैध शराब तस्करों के नेटवर्क पर कड़ा एक्शन लेते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है. एसपी कुमार गौरव को मिली एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर चंदवा थाना क्षेत्र से पुलिस ने करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 1054 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त की है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मौके से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. हालांकि, इस पूरे अवैध कारोबार का मुख्य सरगना और ट्रक का चालक पुलिस टीम को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

इस बड़ी कामयाबी का खुलासा करते हुए एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एसपी को सूचना मिली थी कि रांची की ओर से आ रहे एक 12 चक्का बड़े ट्रक में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर चंदवा के रास्ते पलामू और गढ़वा की ओर ले जाई जा रही है. तस्करों की इस साजिश को नाकाम करने के लिए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया. एसडीपीओ के नेतृत्व में चंदवा थाना पुलिस ने सासंग मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान (पिकेटिंग) शुरू किया. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो और एक क्रेटा कार को रोका, जो आगे-आगे चलकर एस्कॉर्ट कर रही थीं, और उनके ठीक पीछे चल रहे 12 चक्का ट्रक को भी रुकने का इशारा किया.

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था. जब पुलिस ने ट्रक की जांच की, तो उसमें ऊपर एल-लाइसिन सल्फेट लिखे प्लास्टिक के बोरे लदे हुए थे, जिनमें मवेशी चारा और धान की भूसी भरी हुई थी ताकि किसी को शक न हो. लेकिन जब पुलिस ने बोरों को हटाकर गहराई से तलाशी ली, तो नीचे विदेशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ. इसके अलावा, ट्रक के आगे चल रही स्कॉर्पियो और क्रेटा कारों की डिक्की से भी शराब की बोतलें बरामद की गईं. पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अंतरराज्यीय संपर्कों को खंगालने में जुटी है.