Jharkhand

रात के अंधेरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ाए नाबालिगों को खंभे से बांधा, फिर जो हुआ... देखें वीडियो

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): जिले के सदर थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव में तीन नाबालिगों से जुड़ा मामला सामने आया है जहां तीनों नाबालिकों को सरेआम एक साथ खंभे में बांधकर माफी मँगवाने की कोशिश की गई है. दरअसल बीते रविवार की देर रात दो नाबालिग किशोर एक नाबालिग किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचे थे. सोमवार सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग लड़की के घर पहुंच गए. ग्रामीणों का दावा है कि तीनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था. जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता बाहर काम करते हैं, जबकि उसकी मां मायके गई हुई थी. ऐसे में लड़की घर पर अकेली थी. ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों किशोर पिछले दो-तीन दिनों से लगातार लड़की के घर आ रहे थे. इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी. सोमवार सुबह तीनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने हंगामा किया.

इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों नाबालिगों को गांव में घुमाया और बीच गांव में बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया. उनसे माफी भी मंगवाई गई और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने की हिदायत दी गई. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. कुछ ग्रामीणों ने इसे गांव के माहौल से जोड़कर उचित बताया, जबकि कुछ लोगों ने नाबालिगों को इस तरह सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने पर सवाल उठाए.

इधर, नाबालिगों को खंभे से बांधे जाने की सूचना मिलते ही कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई. थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तीनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है. उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है.

रिपोर्ट : अरुण बर्नवाल